बिहार के भागलपुर जिले में शनिवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप मालिक से लाखों रुपये लूट लिए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। दो बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है।

जानकारी के अनुसार, अकबरनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी मंटू कुमार अपने पेट्रोल पंप की नकदी बैंक में जमा करने जा रहे थे। उन्होंने करीब 8 लाख 10 हजार रुपये अपनी बाइक की डिक्की में रखे थे और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाहकुंड शाखा की ओर जा रहे थे।

जैसे ही वे शाहकुंड थाना क्षेत्र के सादपुर मोड़ के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर बाइक रोकने को कहा और विरोध करने पर मंटू कुमार के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।

इसके बाद अपराधियों ने बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखा नकदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
