मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर 8 मौतों की पुष्टि की गई है. जिला प्रशासन के अनुसार, 4 अप्रैल तक मृतकों में चंदू कुमार, प्रमोद कुमार, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह और लड्डू साह शामिल थे.

मृतकों का आंकड़ा
8वें मृतक की पहचान मोहम्मद इलियास अंसारी के रूप में हुई है. 5 अप्रैल सुबह इनकी मौत हो गयी थी. 5 अप्रैल को ही सदर अस्पताल में इलाजरत लड्डू साह बालगंगा और जोधा मांझी की भी मृत्यु हो गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है. फिलहाल कई अन्य लोगों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

गुरुवार से शुरू हुआ सिलसिला
मौत का यह सिलसिला गुरुवार 2 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ था. जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित बालगंगा गांव में बड़ी संख्या में लोगों ने शराब का सेवन किया था. गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी दिन 2 लोगों ने दम तोड़ दिया. इसके बाद शुक्रवार को तीन और शनिवार को 2 अन्य लोगों की मौत हो गई.

अस्पताल में भर्ती और आंखों की रोशनी
वर्तमान में लगभग 15 से 20 लोग सदर अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है. अस्पताल में इलाजरत लोहा ठाकुर, राहुल कुमार, रविंद्र यादव, दिनेश यादव और उमेश राम की स्थिति नाजुक बनी हुई है. इन सभी को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है.

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना जहरीली शराब के सेवन के कारण हुई है. इस मामले में अब तक कन्हैया, राजा, खलीफा, सुनील साह, नागा राय, जम्मू बैठा और परसौना के चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार किया गया है. इन पर इलाके में जहरीली शराब की आपूर्ति करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि चौकीदार इन आरोपियों को संरक्षण प्रदान कर रहा था.