शंघाई में शनिवार को कोरोना के रिकार्ड मामले मिलने के बाद चीन के दूसरे हिस्सों में नियंत्रण और बढ़ा दिया गया है। उसका लक्ष्य अत्यंत तेजी से फैलने वाले ओमिक्रोन वैरिएंट पर काबू पाना है। मध्य चीन के निर्माण क्षेत्र झेंगझोउ हवाई अड्डा आर्थिक जोन ने 14 दिन के लिए लाकडाउन की घोषणा की है। महामारी के ताजा प्रकोप में 500 से ज्यादा लोगों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है।

चीन में मार्च महीने में कोरोना मामलों में आई तेजी के केंद्र रहे शंघाई में शनिवार को रिकार्ड 3,590 मामले सामने आए। 15 अप्रैल को 19,923 और इसके एक दिन पहले 19,872 मामले मिले थे।उत्तर पश्चिम चीन के शहर सिआन में शुक्रवार को निवासियों को अपने आवासीय परिसर से अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम या उन्हें कार्यस्थल पर ही रखने को कहा गया है। इस महीने कोरोना संक्रमण के दर्जनों मामले सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है।

शंघाई के समीप सुझोउ शहर में शनिवार को कहा गया कि जो भी कर्मचारी घर से काम करने में सक्षम हैं वे सभी अनिवार्य रूप से ऐसा करें। आवासीय परिसर एवं कंपनी परिसर लोगों और वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाएं।

शंघाई में लाखों के पास खाना तक नहीं
शंघाई में स्थिति इतनी खराब होने लगी है कि आधिकारिक चीनी मीडिया ने भी जनता के असंतोष को उजागर करना शुरू कर दिया है। सरकारी ग्लोबल टाइम्स में शुक्रवार को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, शंघाई शहर कोरोना वायरस संक्रमण के ओमिक्रोन वैरिएंट के खिलाफ अपने सबसे कठिन समय से गुजर रहा है। स्थानीय निवासियों के बीच संदेह, चिंता और थकान ध्यान देने योग्य है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इंटरनेट पर जनआक्रोश की सुनामी आ गई है।

