पटना। बिहार में पुलिसकर्मियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए सरकार ने बड़ा व अनोखा फैसला किया है। अब उनकी ट्रांसफर-पोस्टिंग पूरी पारदर्शिता के साथ लाटरी के माध्यम से की जाएगी। इसके तहत पहले चरण में पटना के अलग-अलग थानों में लाटरी के माध्यम से 80 पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग कर भी दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अभी पटना के विभिन्न थानों में बड़े पैमाने पर पुलिस अवर निरीक्षक व सहायक पुलिस अवर निरीक्षक की पोस्टिंग होने वाली है। कई थानाध्यक्ष भी बदले जाएंगे। उनकी ट्रांसफर-पोस्टिंग भी लाटरी के माध्यम से की जाएगी।
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि इस सिस्टम में रिक्त पदों के अनुसार थाना क्षेत्रों के नाम अलग-अलग पर्ची पर लिखे जाते हैं। इन पर्चियों को एक बाक्स में डाल दिया जाता है। पुलिसकर्मी कतार में लगकर बाक्स से एक पर्ची निकालते हैं।
पर्ची में जिस थाना का नाम रहता है, उस थाने में उस पुलिसकर्मी की पोस्टिंग की जाती है। एसएसपी कहते हैं कि इस प्रकिया में पारदर्शिता रहती है। साथ ही किसी पुलिसकर्मी को कोई भी शिकायत भी नहीं होती है।
हां, अगर किसी को लाटरी से मिली जगह पर पोस्टिंग को लेकर समस्या है तो इसका उचित कारण बताने पर कोई निर्णय लिया जाता है।
