छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी में एक बेजुबान की जान बचाने के लिये घण्टो तक रेस्क्यू आपरेशन चलाया गया। कुनकुरी शहर में बिजली के तारों में एक कबूतर फंस गया था। इस कबूतर के पैरों में रस्सी बन्धी थी और उसी की वजह से वह बिजली के तारों में उलझ गया।

जब स्थानीय लोगों ने कबूतर को तारों में फंसा देखा तो उसे शहरवासियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन शहरवासी उसे उतारने में असफल रह। काफी देर तक मशक्कत के बाद भी जब वे कबूतर को नहीं उतार पाए तो इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। इसके बाद फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

कुनकुरी के स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारी को फोन कर मामले की पूरी जानकारी दी।उन्हें बताया गया कि बिजली के तार पर कबूतर फंस गया है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मदद मांगी। इसके बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली काटकर कबूतर को बचाने रेस्क्यू शुरू किया गया। इस बीच कबूतर फड़फड़ाता रहा। बिजली विभाग के कर्मचारी ने सीढ़ी पर चढ़कर तारों से कबूतर को नीचे उतारा। कबूतर नीचे उतरने के बाद वो बेसुध सा हो गया।

लोगों ने पिलाया पानी, मरहम पट्टी भी की
नीचे उतरने पर लोगों ने देखा कि कबूतर चोटिल हो गया था और उसके पैरो से खून निकल रहा था. मौके पर मौजूद लोगो ने कबूतर की मरहम पट्टी की और उसे पानी पिलाया गया. लगभग आधे घंटे बाद कबूतर आसमान में उड़ गया। इस रेस्क्यू आपरेशन की स्थानीय लोगो ने प्रशंसा की है।

स्थानीय निवासी वरुण जैन ने बताया कि करीब 3 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। लोग कबूतर को बचाने के लिए आगे गए। जब स्थानीय लोगों से बात नहीं बनी तो बिजली विभाग की मदद ली गई। प्रकाश कुमार और शंकर गुप्ता ने बताया कि चोंट के इलाज के लिए डॉक्टर की भी मदद ली गई ।
