ट्रेन के चपेट में आने से मुजफ्फरपुर मेंं दो युवकों की जान चली गई। मरने वाले दोनों युवकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। यह घटना बुधवार की सुबह हाजीपुर रेलमार्ग पर शहर के बीबीगंज के समीप हुई। घटना की सूचना पर जीआरपी की पुलिस उक्त स्थल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर युवकों के बारे में जानकारी ली बावजूद इसके मरने वाले युवकों की पहचान नहीं हो सकी है। रेल पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। रेल थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने कहा कि ट्रेन की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हुई है। उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी। शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। यहां बता दें कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वह शहर का महत्वपूर्ण इलाका है। बीबीगंज के समीप से होकर ट्रेनें गुजरती रहती है। इस जगह पर रेल लाइन से लोग आर पार करते है। संभावना जताई जा रही है कि रेल लाइन क्रास करने के क्रम में किसी लंबी दूरी की ट्रेन के चपेट में दोनों युवक आ गए होंगे हालांकि यह तो पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर किन कारणों से उनकी मौत हुई है। युवकों की मौत कैसे हुई रेल इसकी पुलिस जांच कर रही है। युवकों के संदर्भ में आसपास के इलाकों से भी जानकारियां ली जा रही है ताकि उनकी पहचान हो सके। शव की पहचान के बाद वास्तिविक स्थिति सामने आ सकेगी।