राजद की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर दावते इफ्तार का आयोजन किया। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शामिल होने के बाद बिहार का सियासी पारा चढ़ गया गई है। सियासी गलियारों में कई कयास लगाए जा रहे हैं लेकिन इन सभी कयासों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नकार दिया।

तेजस्वी के दावते इफ्तार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शामिल होने के बाद कई तरीके से चर्चाएं होने लगी थीं, जिन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती पर आयोजित राजकीय समारोह में कहा कि इफ्तार पार्टी में जाने का राजनीति से कोई मतलब नहीं। इस तरह की पार्टी में सभी को निमंत्रण दिया जाता है सरकार की तरफ से भी इफ्तार पार्टी का आयोजन किए जाने की परंपरा है। उसमें भी सभी लोगों को न्यौता दिया जाता है। इसमें यदि कोई लोग बुलाएगा तो जाना ही चाहिए। तेजस्वी यादव ने बुलाया इसलिए मैं वहां गया। किसी के बुलावे का सम्मान व्यक्ति को करना चाहिए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दावते इफ्तार में शामिल होने पर उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कहा कि इसका राजनीतिक मतलब निकालना गलत है। धार्मिक आयोजनों पर लोग एक दूसरे के कार्यक्रमों में जाते रहे हैं। राजद के लोग क्या बोलते हैं हमलोग उस पर ध्यान नहीं देते हैं। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की लंबे अरसे से सरकार चल रही है। जो इस पार्टी में शामिल होने का राजनीतिक कयास लगा रहे हैं वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं।

अच्छी बात है सभी धर्मों का आदर और सम्मान किया जाता है। लोगों को इस तरीके के आयोजन पर सियासत से बचना चाहिए। इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार के जाने पर जो कयास लगाए जा रहे हैं वे बिल्कुल गलत हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत में सबसे ज्यादा हम पर्व त्यौहार मनाते हैं और सभी पर्वों में एक दूसरे के घर जाकर शामिल होते हैं।

राजद के दावते इफ्तार में शामिल होने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद दोनों ने सफाई दी, लेकिन बोचहां उपचुनाव में एनडीए की करारी हार पर किए गए सुशील कुमार मोदी के ट्वीट पर दोनों नेताओं ने चुप्पी साध ली। नीतीश कुमार ने कहा कि जिन्होंने ट्वीट किया है इस पर वही बताएंगे। वहीं तार किशोर प्रसाद ने कहा कि सुशील कुमार मोदी हमारे नेता हैं और हर अवसर पर हमलोग समीक्षा करते हैं। इस तरह का का कोई मामला आता है तो समीक्षा की जाती है।
