मुजफ्फरपुर। सनातन समाज के अंदर संस्कार, शिक्षा व एकजुटता को लेकर चाणक्य विद्यापति सोसाइटी की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के बीएमपी-6 दुर्गा मंदिर परिसर में यज्ञोपवीत संस्कार महोत्सव का आयोजन 12 मई को किया जाएगा।
इस आयोजन में 551 बरुओं का संस्कार कराया जाएगा। आयोजन को लेकर चाणक्य विद्यापति सोसायटी के बावनबीधा स्थित कार्यालय में बैठक हुई।
सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विनय पाठक एवं संरक्षक शंभू नाथ चौबे, जिला के संरक्षक साकेत रमन पाण्डेय ने कहा कि आयोजन में सनातन समाज के बरुओं को जनेउ दी जाएगी।
इसमें बिहार के हर क्षेत्र के विशिष्ठजन के साथ जनप्रतिनिधि शामिल होकर बरुओं को अपना आशीर्वाद देंगे। राष्ट्रीय संरक्षक पंडित शंभू नाथ चौबे ने कहा कि कोरोना काल को लेकर यज्ञोपवीत संस्कार समारोह बंद था, लेकिन इस बार आयोजन हो रहा है। उन्होंने आम आदमी से अपील की कि इस आयोजन में सहयोग करें।
संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चौबे ने बताया कि संगठन के विस्तार के लिए चलो गांव की ओर का आयोजन नियमित किया जा रहा है। समाज एकजुट रहेगा तो हर आदमी एक दूसरे को सहयोग करेगा और इससे तरक्की भी होगी। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार झा, अजयानंद झा, पिंकू झा, शशि कान्त पाठक, मातृशाखा अध्यक्ष डा.वीणा मिश्रा, मड़वन अध्यक्ष अमित मिश्रा, अशोक झा, सुबोध झा, भुवनेश्वर झा, मनमन त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
