मुजफ्फरपुर। कांटी और मोतीपुर को बाढ़ से बचाने के लिए मरम्मत कार्य चल रहा है। पिछले साल जहां कटाव हुआ था वहां तत्काल मरम्मत का काम चल रहा है। इसके साथ ही बूढ़ी गंडक के पचास संवेदनशील स्थलों का चयन किया गया है। इन जगहों पर बरसात के समय बाढ़ पर काम कराया जाएगा। मोरसंडी, मठिया, बहादुरपुर कोठिया, बरियापुर मठिया में बाढ मरम्मत का काम चल रहा है। इस काम को 15 मई तक पूरा किया जाएगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस काम पर नौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बूढी गंडक नदी मीनापुर, मोतीपुर, कांटी, मुशहरी, मुरौल, बंदरा व बोचहां प्रखंडों को छूते हुए जाती है।
यहां की 50 संवेदनशील जगहें आक्राम्य स्थल यानी बाढ आने पर नदी द्वारा आक्रमण करने वाली के रूप में चिह्नित की गई है। इन स्थलों के आसपास दो से पांच हजार मिट्टी व बालू भरी बोरियां तैयार रखी जाएंगी।
जलसंसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर बबन पांडेय के अनुसार बूढ़ी गंडक घूमने की प्रवृत्ति के लिए जानी जाती है। इसलिए कोशिश रहती है कि इसकी धार को बांध से अलग किया जाए। इसलिए तटबंध पर पूरी चौकसी रहती है। मोतीपुर की बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के मठिया बारियारपुर में पिछले साल तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया था। अब करीब आठ सौ मीटर में तटबंध मरम्मत कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार दाएं तटबंध के चार स्थानों पर दबाव अधिक रहता है।
ऐसे में अभी से बचाव कार्य नहीं हुआ तो नदी के उफनाने पर इन स्थलों पर बांध के टूटने का खतरा बना रहेगा। इससे सबसे ज्यादा नुकसान शहरी क्षेत्र, कांटी व मोतीपुर में हो सकता है। पिछले साल भी बाढ़ के दौरान तटबंधों को बचाने के लिए अभियंताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसलिए इस बार अभी से सजगता है। करीब एक माह पूर्व ही जल संसाधन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल भी कांटी थर्मल व कांटी नगर परिषद क्षेत्र के निकट बूढ़ी गंडक के कोठिया स्थित खतरनाक कटाव स्थल का जायजा ले चुके हैं। 15 मई से पहले तटबंध मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा।
