बेतिया। आगामी 16 मई को उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बेतिया में रहेंगे। वे नगर के सागर पोखरा में हुए विकास कार्यो का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा हाईवे से जोड़ने वाली नगर के दो सड़कों का भी शिलान्यास करेंगे।
स्थानीय सांसद सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया है कि उत्तरवारी पोखरा के द्वार देवी मंदिर से गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा सुप्रिया सिनेमा मोड़ से तीन लालटेन चौक तक के सड़क का डीपीआर पथ निर्माण विभाग और नगर निगम के सहयोग से बनवा लिया गया है ।
इन दोनों सड़कों का चौड़ीकरण होगा। साथ ही जल निकासी के लिए सड़क के दोनों तरफ नालियों का निर्माण होगा। इसका शिलान्यास उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद करेंगे। पश्चिम चंपारण के जीएमसीएच से कोतवाली चौक होते हुए जाने वाली सड़क का भी निर्माण होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया है कि इन सड़कों के डीपीआर बनने में सड़क के ऊंचीकरण (जीएसबी) का भी प्रस्ताव था। लेकिन इसे हटवा दिया गया है । ताकि सड़क किनारे रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
सड़क ऊंची हो जाने से सड़क किनारे के मकान की ऊंचाई स्वत: कम हो जाती है । जिससे कई बार सड़कों का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है । ऐसी स्थिति से बचाने के लिए डीपीआर से ऊंचीकरण के प्रस्ताव को हटा दिया गया है।
