मुजफ्फरपुर। डीएम प्रणव कुमार ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए व त्रुटिरहित बाढ़ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के लिए समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ आने पर तथा शहरी क्षेत्रों में जल जमाव होने पर गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्गत मानक संचालन प्रक्रिया का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संभावित आपदाओं की तुरंत चेतावनी और उनका प्रभावी प्रचार-प्रसार सफल आपदा प्रबंधन के मुख्य घटक हैं।
त्रुटि-रहित आपदा प्रबंधन के लिए अन्तर्विभागीय समन्वय, सतर्कता एवं सजग रहने की आवश्यकता है। इस बैठक में डीएम ने संभावित बाढ़ एवं जल-जमाव से निपटने हेतु विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को मानव दवा की उपलब्धता, बोट एम्बुलेंस एवं चलंत मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि बाढ़ आने की स्थिति में भिन्न-भिन्न तरह के जल-जनित बीमारियों से बचाव हेतु दवाइयां उपलब्ध हैं। डीएम ने सांप काटने से इलाज हेतु दवा, हेलोजेन टैबलेट, क्लोरीन टैबलेट, ओआरएस एवं ब्लीचिंग पाउडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने व जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु दवा एवं पशु चारा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं संकटग्रस्त व्यक्ति समूहों की सूची तैयार कर शीघ्र ही आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर अपलोड करने तथा नजरी-नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया ताकि बाढ़ प्रभावित परिवार के खाते में पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से सीधा भुगतान हो सके।
