वैशाली : कहते हैं कि प्यार ना धर्म की सुनता है और न ही समाज की, प्यार तो बस दिल की बात सुनता है और उसे ही समझता है। कुछ ऐसी ही तस्वीर हाजीपुर में देखने को मिली है जहां धर्म की दीवार तोड़कर प्रेमी युगल जन्म-जन्म के लिए एक दूसरे के हो गए।


दरअसल उड़ीसा के राउरकेला की रहने वाली बिलकिस और बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले गणेश पिछले तीन साल से एक दूसरे से प्रेम करते थे लेकिन इन दोनों के बीच धर्म की दीवार खड़ी थी, लिहाजा दोनों ने धर्म और समाज की परवाह किए बगैर भागकर शादी करने का फैसला किया।

दोनों ने हाजीपुर के बजरंग दल अध्यक्ष आर्यन सिंह से सम्पर्क किया और आर्यन सिंह ने सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज से दोनों की शादी करवा दी। हमेशा-हमेशा के लिए एक दूजे के होने के बाद दोनों काफी खुश हैं। लड़की ने बताया कि कम्प्यूटर क्लास में उसकी मुलाकात गणेश से हुई और दोनों की मुलाकात प्रेम में बदल गया।

इसके बाद परिवार और समाज की परवाह ना करते हुए दोनों ने भागकर साथ जीने का फैसला किया। इस शादी में ना तो लड़की की तरफ से कोई मौजूद था ना ही लड़के की तरफ से, लिहाजा भगवान को साक्षी मानकर दोनों विवाह के बंधन में बंध गए। दोनों प्रेमी जोड़े इस शादी से काफी खुश दिखे।
