पटना : अपने प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही एक लड़की ने सुसाइड कर लिया है। फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश फ्लैट के कमरे में मिली। जिस वक्त लड़की ने यह खौफनाक कदम उठाया, उस वक्त वो फ्लैट के अंदर अकेले थी। सुसाइड करने वाली लड़की का नाम तान्या शर्मा है। उसकी उम्र महज 20 साल थी। यह मामला पटना में पाटलिपुत्रा थाना के तहत नेहरू नगर इलाके का है।

तान्या मूल रूप से पटना में ही गोला रोड इलाके की रहने वाली है। मगर, काफी दिनों से वह अपने मां-पापा के साथ नहीं रह रही थी। तान्या ने अपने परिवार से बातचीत भी बन्द कर रखा था। कोतवाली थाना के पास स्थित एक चॉकलेट शॉप में वो जॉब करती थी।

नीतीश नाम के एक युवक के साथ उसका अफेयर चल रहा था। कुछ महीने से दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। मार्च महीने में ही नेहरू नगर में मनोज कुमार के मकान में किराए पर नीतीश और तान्या ने मिलकर दो कमरे का फ्लैट लिया था।

शुक्रवार की सुबह में तान्या की तबियत खराब हो गई। जिसके बाद नीतीश का दावा है कि वो मेडिसिन लाने के लिए घर से बाहर निकला था। करीब आधे घंटे के बाद मेडिसिन लेकर वो वापस आया। उस वक्त दो कमरे में से एक कमरे का गेट अंदर से बन्द मिला। तब उसने बाहर से आवाज लगाई। अंदर से कोई रेस्पॉन्स नहीं मिलने पर उसने कमरे का गेट तोड़ दिया। इसके बाद उसने देखा कि तान्या की लाश फांसी के फंदे से लटकी हुई है। इसके बाद ही पाटलिपुत्रा थाना की पुलिस को जानकारी दी गई।

थानेदार एसके शाही के अनुसार उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उनकी टीम के हाथ लड़की का मोबाइल लगा है। जिसकी वो पड़ताल कर रही है। साथ ही प्रेमी नीतीश को डिटेन किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। अब जांच के बाद ही तान्या के सुसाइड की वजह स्पष्ट हो पाएगी। राजधानी में दो दिनों में यह लगातार दूसरी सुसाइड है। गुरुवार को दीघा थाना के तहत गुड्डू पासवान नाम के युवक ने सुसाइड कर लिया था।