मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल के पैथोलाजी विभाग की आटो एनालाइजर मशीन खराब हो गई। इसके साथ ही एक हजार मरीजों की जांच रुक गई है। इसको लेकर शनिवार को जांच कराने आए मरीजों ने हंगामा किया।
बाद में कुछ कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। मोतीपुर से इलाज कराने आए सुशांत कुमार ने कहा कि सरकारी अस्पताल में आए थे कि निशुल्क जांच होगी, लेकिन यहां मशीन खराब होने की बात कही जा रही है। इसी तरह की बात बालूघाट की शोभारानी, मोती साह ने भी कही।
जानकारी के अनुसार, छह माह तक मशीन खराब रही। उसके बाद उसको एक सप्ताह पहले ठीक कराकर मंगाया गया था। अब फिर मशीन को ठीक होने के लिए पटना भेजा गया हैं।
उपाधीक्षक डा. एसके चौधरी ने बताया कि मशीन पटना भेजी गई है। अभी नई मशीन खरीद की अनुमति नहीं दी गई हैं। बताया कि सदर अस्पताल के ओपीडी में इलाज कराने 450 से 600 तक मरीज प्रतिदिन आते हैं। इनमें 140 से 150 मरीजों को जांच लिखी जा रही है।
प्रभारी सिविल सर्जन डा.एसपी सिंह ने कहा कि आटो एनालाइजर मशीन खराब होने के कारण जांच प्रभावित नहीं हो इसका इंतजाम किया जाएगा। इस संबंध में उपाधीक्षक से रिपोर्ट तलब की गई है।
