देवरिया थाने के मानजन चौक स्थित गांव में पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पारू सीएचसी में भर्ती कराया गया।

इसी बीच उपद्रवियों ने घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखे जेवरात, अनाज, बर्तन, पलंग समेत दो लाख की संपति जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह, दारोगा प्रवीण कुमार सुरक्षा बलो के साथ पहुंच फायर ब्रिगेड के सहारे आग पर काबू पाया। इस मामले को लेकर पीडि़त ने प्राथमिकी दर्ज करा आठ लोगो को नामजद किया है।

पीडि़त महेंद्र सहनी ने बताया कि पड़ोसी रामप्रवेश सहनी के खिलाफ उन्होंने पूर्व में मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसको लेकर विपक्षी मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते आ रहे थे और जब हमने विरोध किया तो दरवाजे पर चढ़कर लाठी डंडे से मारपीट कर जख्मी करने के साथ ही घर मे आग लगा दी।

इस मामले मे रामप्रवेश सहनी, जितेंद्र सहनी उर्फ भोला सहनी, सोनेलाल सहनी, दीपू सहनी, रोहित सहनी, मोतीलाल सहनी समेत आठ लोगों को आरोपित किया गया है। वहीं थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
