तेजस्वी का लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए प्लान तैयार, नेताओं को मिलेे टास्क

मुजफ्फरपुर। बोचहां विधानसभा उपचुनाव 2022 में सफलता हासिल करने के बाद राजद उत्साहित है। खासकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव। अभी बिहार में कोई बड़ा चुनाव नहीं है, लेकिन उन्होंने पार्टी के नेताओं को अभी से ही काम पर जुट जाने का आदेश दे दिया है। लोकसभा चुनाव 2024 तथा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उन्होंने एक खास रणनीति तैयार की है।

उसके अनुसार ही काम करने को कहा है जिसस अपेक्षित परिणाम हासिल हो सके। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधायक व अन्य वरीय नेताओं को टास्क सौंपे गए हैं। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम उनका संदेश लेकर यहां पहुंचे। उन्होंने नेताओं से कहा कि राजद ए-टू-जेड की पार्टी है। समाज के सभी वर्गों का राजद में सम्मान है। सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता समाज के सभी वर्ग के लोगों को सदस्य बनाएं ताकि राजद घर-घर की पार्टी बन सके। उन्होंने ये बातें रविवार को गोबरसही स्थित एक होटल सभागार में बैठक में कहीं।

जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक में सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर 2022-25 के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से पंचायत स्तर तक सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा। सभी बूथ पर कमेटी बनाकर क्रियाशील सदस्य जोड़े जाएंगे।

पूर्व मंत्री ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को सभी वर्गों का साथ मिले इसलिए पार्टी के पदाधिकारी बूथ स्तर तक जाकर सभी वर्गों को जोड़े। 12 व 13 मई को पार्टी के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक समेत सभी वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी को दो-दो पंचायतें निर्धारित कर सदस्यता अभियान चलाएं।

बैठक में प्रधान महासचिव सह विधायक निरंजन राय, इसराइल मंसूरी, विधायक डा. अनिल साहनी, विधायक मुन्ना यादव, विधायक अमर पासवान, इकबाल मो.शमी, पूर्व विधायक मिथिलेश यादव, पूर्व विधायक नंद कुमार राय, केदार नाथ प्रसाद, शंकर यादव, डा. विनोद यादव, वसीम अहमद मुन्ना, तुलसी राय, मनोज राय, डा.ब्रजभूषण राय, अरविंद सहनी, अनिल महतो, अनिल मलिक, चंदन यादव, राजनाथ चंद्रवंशी समेत सभी प्रखंडों के जिलाध्यक्ष मौजूद थे।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.