झांसी में शादी के दिन कुएं में कूदी दुल्हन:आज रात को आनी थी बारात, बाहर चप्पलें देख कुएं में की तलाश, तो मिला श’व

उत्तर प्रदेश : आज रात को बारात आनी वाली थी और शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थीं। कुएं में दुल्हन का शव मिलने के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि लड़की ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बुधवार रात को परिजन फलदान चढ़ाकर लौटे थे

सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा गांव निवासी प्रीति (20) पुत्री संजीव पाल 5वीं कक्षा तक पढ़ी थी। पिता संजीव पाल ने बताया कि तीन माह पहले ही बेटी का रिश्ता कुम्हरा गांव में निखिल से तय हुआ था। सगाई के बाद परिजन बुधवार रात को ही फलदान देने के लिए कुम्हरा गए थे। रात करीब एक बजे वे घर लौटकर आए थे।

गोताखोरों ने कुएं से निकाला शव

पिता ने बताया कि वह परिवार के साथ खेत पर बने घर में रहते थे। वहीं पर गुरुवार रात को बारात आने वाली थी। मगर, गुरुवार सुबह दादी अंगूरी जब सोकर उठीं, तो प्रीति चारपाई पर नहीं थी। तब उसकी तलाश शुरू की, तो घर के पास कुएं के बाहर प्रीति की चप्पलें उतरी हुई मिलीं। कुएं में पानी था।

तब गोताखोरों को कुएं में उतारा गया और तलाश की गई। थोड़ी देर बाद कुएं के अंदर से प्रीति का शव बरामद हो गया। इसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। संजीव की तीन बेटियां और एक बेटा है, जिसमें प्रीति सबसे बड़ी थी।

आत्महत्या के दो कारण हो सकते हैं

अब तक पुलिस जांच में सामने आया कि आत्महत्या के दो कारण हो सकते हैं। पहला कि प्रीति की मर्जी के अनुसार शादी नहीं हो रही थी। इसलिए उसने जान दी। जबकि दूसरा फलदान के बाद उसका दूल्हे से विवाद होना भी हो सकता है। फिलहाल सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.