एक-एक कर 31 लड़कियों ने रचाया स्‍वयंवर, सभी बोले-अद्भुत

लखीसराय : बिहार के बाबाधाम के रूप में विख्यात श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम स्थित संस्कार भवन में बुधवार को दहेज मुक्त सामूहिक विवाह का आयोजन मंदिर ट्रस्ट ने किया। मंदिर परिसर में बने विशाल सभागार परिसर में 31 जोड़े ने भोलेनाथ के दरबार में अग्नि के सात फेरे लिए। सभी ने विवाह बंधन में बंधकर वैवाहिक जीवन की शुरूआत की।

कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद सामूहिक विवाह देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ थी। एक ही जगह बने मंडप में वर वधु के स्वजनों की उपस्थिति में स्थानीय पंडितों ने शादी की हर रस्म पूरी करवाई। लाल चुनरी ओढ़े दुल्हन एवं पीला धोती-कुर्ता और शूट में सजे दूल्हे ने कन्या के गले में वर माला डाला। इस अवसर पर दोनों पक्षों के स्वजन काफी खुश नजर आ रहे थे।

अशोकधाम मंदिर के पुजारी चंद्रमौलेश्वर पांडेय, मुकेश पांडेय, रोहित पांडेय, बबलू पांडेय आदि ने शादी की रस्म पूरी करवाई। शादी के बाद वर वधु ने भोलेनाथ को साक्षी मानकर गृहस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया। सामूहिक विवाह में लखीसराय के अलावा जमुई, मुंगेर, नवादा, सुपौल जिले के भी वर वधु शामिल हुए।

सामूहिक विवाह के मुख्य प्रायोजक सूर्यगढ़ा के अशोक कुमार अग्रवाल एवं खगडिय़ा के डा. राजकुमार तुलस्यान ने अपनी पत्नी के साथ 31 कन्याओं के कन्यादान की रस्म पूरी की। शादी के बाद नव दंपती को आयोजक द्वारा कलाई घड़ी, चांदी के आभूषण, बर्तन, कपड़े, मिठाई, घरेलू उपयोग के सामान आदि उपहार देकर विदाई दी गई। वर-वधु ने मंदिर स्थित भोलेनाथ के विशाल शिवङ्क्षलग और पार्वती मंदिर जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने वर वधु को उपहार भेंट करते हुए आशीर्वाद दिया तथा उनके खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए भोलेनाथ से कामना की। उन्होंने ने कहा कि दहेज रूपी कलंक को खत्म करने के लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा सामूहिक विवाह का प्रयास सराहनीय है।

 

इस मौके पर मुख्य अतिथि सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल, मंदिर ट्रस्ट के डा. प्रवीण कुमार सिन्हा, राजेन्द्र सिघानिया, संजय सिघानिया, विजय बंका, अमित शर्मा, प्रभात रंजन, वार्ड पार्षद गौतम कुमार आदि ने वर वधु को आशीर्वाद देकर विदाई दी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading