मुजफ्फरपुर। निजी स्कूलों की जिला शिक्षा विभाग से संबद्धता मामले में अब तक कार्य का निष्पादन नहीं करने पर डीईओ से जवाब तलब किया गया है। निदेशक माध्यमिक रवि प्रकाश ने मुजफ्फरपुर समेत 10 जिलों के डीईओ से स्पष्टीकरण पूछा है। साथ ही कार्रवाई की चेतावनी दी है।
भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मुजफ्फरपुर, शिवहर, वैशाली, बांका, खगडिय़ा, शेखपुरा, मुंगेर, गया, बक्सर और भागलपुर से अब तक पोर्टल पर आए आवेदनों में से एक का भी निष्पादन नहीं किया गया है।
निदेशक ने कहा है कि क्यों नहीं आपके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार से अनुशंसा की जाए। डीईओ को दो दिनों में इसका जवाब देने को कहा गया था। डीईओ अब्दुस सलाम अंसारी ने इसको लेकर संबंधित डीपीओ व बीईओ को जिम्मेवार ठहराया।

डीपीओ सर्व शिक्षा अभियान अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण पोर्टल पर आए आवेदनों का निष्पादन नहीं किया गया। इसको लेकर बुधवार को विशेष बैठक बुलाकर बीईओ को फटकार लगाई गई। साथ ही लापरवाही के कारण उनका वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। साथ ही तीन दिनों के भीतर उन्हें आवेदनों का निष्पादन कर रिपोर्ट करने को कहा गया है।
जिले के सभी निजी स्कूल संचालकों को शिक्षा विभाग से नो अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना है। संबंधित बोर्ड से स्कूलों के संबंधन से पहले शिक्षा विभाग से मंजूरी जरूरी है। इसके लिए जिले से कुल 467 स्कूल संचालकों ने ई.संबंधन पोर्टल पर आवेदन दिया था।
मुशहरी प्रखंड से सर्वाधिक 171 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं कुढऩी से 53, कांटी से 38, पारू से 25, सरैया से 21, सकरा से 20, मोतीपुर से 19, औराई से 19, साहेबगंज से 18, मड़वन से 17, मीनापुर से 15, बोचहां से 13, कटरा से 12, गायघाट से 11, मुरौल से चार और बंदरा से एक स्कूल ने आवेदन दिया है।
