स्टेट हाईवे 86 सरैया-मोतीपुर पथ में बिसरपट्टी के निकट अनियंत्रित स्काॅर्पियो ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। इससे बाइक सवार एक की मौत घटनास्थल पर हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक मोतीपुर के महिमा गोपिनाथपुर का मोहन साह बताया जा रहा है, जबकि घायल सगा भाई लालबाबू साह बताया जा रहा है। थाना अध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। दुर्घटना के बाद बाइक और स्काॅर्पियो सड़क से 20 फीट नीचे खेत में चली गई है। बाइक सरैया से मोतीपुर की ओर जा रही थी, जबकि स्काॅर्पियो मोतीपुर से सरैया जा रही थी। दोनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्काॅर्पियो को छोड़ कर चालक फरार हो गया है। सूचना पर पहुंचे सरैया थानाध्यक्ष एसएस गुप्ता ने घायल को अपनी गाड़ी से सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर कर दिया।