मुजफ्फरपुर। रेलवे में जीआरपी और आरपीएफ की बड़ी फौज होने के बाद भी शराब की तस्करी नहीं रुक रही। अब तो पार्सल से शराब भेजकर शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैैं। 29 अप्रैल को जंक्शन के पार्सल से आरपीएफ ने भारी मात्रा में शराब जब्त कर राजकीय रेल थाने की पुलिस के हवाले किया था।
02564 दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस से दिल्ली से 27 अप्रैल को यात्री अपने टिकट पर शराब बुक कराकर लाया था। पाने वाले का नाम राजन शर्मा चालान पर लिखा है। 28 अप्रैल को क्लोन एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पहुंची तो एक कार्टन शराब उतार ली गई।
वहीं, तीन कार्टन शराब दरभंगा चली गई। वहां के पार्सल इंचार्ज ने तीन कार्टन शराब 11062 पवन एक्सप्रेस से मुजफ्फरपुर वापस भेज दी। इसके बाद आरपीएफ ने चारों कार्टन शराब जब्त कर ली। छह मई की रात डाउन पवन एक्सप्रेस से भारी मात्रा में शराब लाकर आटो से ले जाने के दौरान जीआरपी ने पकड़ा था।

इसमें दो युवकों को गिरफ्तार कर भेजा गया था। वहीं, दो तस्कर मौके से भाग निकले थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इधर गुरुवार रात फिर किसी ट्रेन के पार्सल से उतारी गई 12 बोतल शराब बरामद हुई।


