पटना। बिहार में एक बार फिर बर्ड फ्लू की दहशत है। ताजा मामला पटना आर्ट कॉलेज में चार कौवों की मौत का है। इन मरे कौवों में एक को खाने से सोमवार को कॉलेज परिसर में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। घटना के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया है।
विदित हो कि बिहार में बर्ड-फ्लू से पक्षियों के मरने की खबरें लगातार आ रही हैं। पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में सात मोरों की मौत के बाद अब पटना आर्ट कॉलेज में पक्षियों की मौत ने राजधानी में बर्ड-फ्लू की आशंका को गहरा दिया है। पटना जू को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है।
जांच के लिए पहुंची जिला प्रशासन की टीम
बर्ड फ्लू से हो रही जानवरों की मौत से लोगों में डर व्याप्त हो गया है। आर्ट कॉलेज में हुई मौत के बाद वन विभाग को सूचना दी गई है। कॉलेज में आज जिला प्रशासन की टीम ने मृत पक्षियों के सैंपल इकठ्ठे किए।

चूना तथा ब्लीचिंग पाउडर का किया गया छिड़काव
जिलाधिकारी ने बर्ड फ्लू के बारे में विस्तार से जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि वन्य प्राणी प्रक्षेत्र में दवा का छिड़काव किया जा रहा है। गंदगी वाले स्थानों पर चूना तथा ब्लीचिंग पाउडर का प्रयोग हो रहा है। 30 पक्षियों के सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा कि पक्षियों में बर्ड फ्लू है या नहीं?
पशुपालन विभाग ले रहा सैंपल
पशुपालन विभाग जू (चिडिय़ाघर) के 10 किमी की परिधि में सैंपल ले रहा है। उद्यान निदेशक अमित कुमार ने बताया विशेषज्ञों के सुझाव के अनुसार उद्यान को संक्रमणमुक्त करने का कार्य चल रहा है।