कटिहार : मनसाही में 33000 केवी का बिजली तार अक्सर गिरने के कारण सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पाती है। पिछले 36 घंटे में हाइटेंशन तार तीन बार टूटने के कारण आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विभागीय लापरवाही से उपभोक्ताओं का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा।


स्थानीय ग्रामीणों ने कजरा स्थित बिजली सबस्टेशन के समक्ष जमकर नारेबाजी करते हुए कटिहार-मनिहारी सड़क पर टायर जलाकर जामकर दिया। जाम के कारण मनिहारी-कटिहार सड़क मार्ग तक यातायात बाधित रहा। आक्रोशित विद्युत उपभोक्ताओं ने कहा कि विभागीय मिलीभगत से 33000 केवी का तार घटिया क्वालिटी का लगाया गया है।

इस कारण अक्सर तार टूटने से घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। उपभोक्ताओं ने कहा कि पिछले 36 घंटे में तीन बार 33000 केवी के बिजली तार गिरा। मरम्मत करने में विभाग को छह से आठ घंटे का समय लगा। इस दौरान क्षेत्र में घंटों बिजली गुल रही।

तार टूटने से हादसे की भी आशंका बनी रहती है। विद्युत आपूर्ति ठप रहने से भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आक्रोशित लोगों ने घटिया तार लगाए जाने की जांच करा दोषी के विरूद्ध कार्रवाई करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं होने तथा तार नहीं बदले जाने की स्थिति में लोग उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इस मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि खुर्शीद आजाद, प्रमोद कुमार रजक, लक्ष्मण शर्मा आदि मौजूद थे।
