बगहा : हरनाटांड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत एनजीओ संस्था कर्नाटक हेल्थ प्रोमोशन ट्रस्ट (केएचपीटी) के टीबी विभाग में काम करने वाला एक कर्मचारी शनिवार को अपने कमरे में संदेहास्पद स्थिति में मृत पाया गया। मृतक कर्मचारी की पहचान यूपी के गोरखपुर जिले के कैम्पियरगंज थाने के बनकटवा गांव निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

शनिवार की सुबह नौ बजे तक जब संदीप अपने कमरे से बाहर नहीं निकलें तो बगल के कमरे में रहने वालों ने दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर इसकी सूचना मकान मालिक को दी। मकान मालिक वहां पहुंचे और देखा कि दरवाजा अंदर बंद नहीं है और स्वास्थ्य कर्मी अपने बेड से नीचे फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है।

स्वास्थ्य कर्मी के शरीर में किसी प्रकार की कोई हरकत नहीं होने पर मकान मालिक ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी। पीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संदीप कुमार राय स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और इसकी जानकारी उन्होंने लौकरिया थाने को दी।

पीएचसी प्रभारी ने मृतक स्वास्थ्य कर्मचारी के एनजीओ से संपर्क किया और इसकी सूचना उसके स्वजन को दी गई। लौकरिया थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया स्वास्थ्य कर्मचारी की मौत का कारण हृदय गति रूकने से प्रतीत होता है। मौत के कारणों के बारे में सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मिलेगी।

