देशभर में जारी गर्मी के सितम के बीच मानसून ने बंगाल की खाड़ी में दस्तक दी है। अंडमान निकोबार और पश्चिम बंगाल में इसका असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने जल्द ही मानसून के केरल पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने इसी सप्ताह उत्तराखंड, मेघालय, असम और केरल में बारिश का अनुमान जताया है।

अभी दो दिन लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के मौसम का अनुमान जारी किया है। इसके अनुसार आज और कल राजस्थान, पंजाब हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, विदर्भ और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में लू का यलो अलर्ट है। 18 मई से लू का प्रकोप कम होने का अनुमान है।

इधर, राजधानी दिल्ली में रविवार को चिलचिलाती गर्मी और भीषण लू के बीच कई इलाकों का तापमान 49.2 रिकॉर्ड दर्ज हुआ। देश के किसी भी शहर के मुकाबले, इस साल यह सबसे ज्यादा तापमान है। इधर, UP के बांदा में भी रविवार को तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दिल्ली में आज सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है। राजधानी दिल्ली और NCR में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है।

राजस्थान में भीषण गर्मी से जल गए पेड़
राजस्थान में भीषण लू का कहर जारी है। झुलसाने वाली गर्मी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोधपुर में सड़कों पर पानी छिड़कना पड़ा। बीकानेर में तो पेड़ों में आग लग गई। हालांकि, ये आग जंगल की वजह से भी हो सकती है। पेड़ों के एक-दूसरे से टकराने के कारण कई बार इनमें आग लग जाती है। चूरू में सबसे ज्यादा अधिकतम, जबकि जयपुर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
पंजाब में गर्मी ने तोड़ा 8 साल का रिकार्ड
पंजाब के अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में गर्मी ने बीते 8 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। लुधियाना में तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री तक अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार-मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पंजाब के कुछ इलाकों में हलकी बारिश हो सकती है, लेकिन यह राहत अस्थाई है। इसके बाद फिर गर्मी में तेजी आएगी।

भोपाल में गर्मी से हाल-बेहाल
बादल छाने के कारण रविवार को दिन का तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक शहर में थोड़ी, थोड़ी देर के लिए बादल छाए। रात का तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें 0.6 डिग्री की कमी आई। शहर में रविवार शाम 6 बजे तक तपिश बरकरार रही। शाम 6 बजे भी पारा 42 डिग्री पर था।

पंजाब-हरियाणा में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो एक चक्रवात का रूप ले सकता है। इसकी वजह से बारिश हो सकती है और सोमवार-मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में सोमवार को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

भीषण गर्मी झेल रहे हरियाणा में सोमवार सुबह मौसम बदल गया। सूर्य देव और बादलों के बीच लुकाछिपी के चलते विभिन्न जिलों में पारा 5 से 10 डिग्री तक गिर गया। हवा की रफ्तार भी तेज रही और दिन भर धूल उड़ती रही। गर्मी और धूल से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हरियाणा में सोमवार को सर्वाधिक तापमान फरीदाबाद के बोपानी कृषि विज्ञान केंद्र में 43.3°c तक दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 39.1°c रहा। रविवार को 48.6°c की तुलना में यहां पर तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आई है
