डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिरता जा रहा है। महंगा होता डॉलर आयात होने वाली चीजों को महंगा कर रहा है, वहीं उन लोगों को फायदा हो रहा है जिनके परिजन विदेश से उन्हें हर माह डॉलर भेजते हैं।

जनवरी से अप्रैल तक पंजाब में करीब 1.32 बिलियन डॉलर (10,200 करोड़ रुपए) आया। इन महीनों में डॉलर लगभग 5% महंगा हुआ है और इस प्रकार से पंजाब में परिवारों को उसी डॉलर की एवज में 500 करोड़ रुपए अधिक मिला। एक्सपोर्ट में पंजाब 8वें स्थान पर है।

यहां से 45 हजार करोड़ का सालाना एक्सपोर्ट होता है। वहीं आयात इससे ज्यादा लगभग 60 हजार करोड़ होता है। पंजाब में फार्मा, केमिकल, खाद्य तेल, लुब्रिकेंट्स, इंजीनियरिंग गुड्स, साइकिल पार्ट, कॉटन यार्न, फैब्रिक्स, वुल, स्क्रैप, स्पेशल स्टील्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पार्ट्स और किट, मशीनरी आदि आयात होती है। उद्योग से जुड़े लोगों ने कहा, अगर डॉलर ऐसे ही बढ़ता रहा तो इससे जुड़े प्रोडक्ट्स की कीमतों में वृद्धि होनी तय है।

देश में विदेश से भेजे जाने वाले रुपए में करीब 4.5 फीसदी पंजाब में…
वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार 2021 में भारत 87 बिलियन डॉलर के रेमिटेंस के साथ पूरी दुनिया में टॉप पर है। अलग अलग मनी एक्सचेंज कंपनियों की रिपोर्ट्स के अनुसार देश में आए इस कुल रेमिटेंस में से 4.5 फीसदी यानि करीब 4 बिलियन डॉलर पंजाब में आए हैं।

वहीं करीब इतनी ही राशि हवाला जैसे अन्य चैनलों से भी आई है। विदेश से आने वाले रेमिटेंस में केरल, गुजरात, तमिलनाडु आदि के पंजाब का ही नाम आता है।

गुजरात में अमेरिका से और केरल में खाड़ी देशों से डॉलर मनी आती है जबकि पंजाब में अमेरिका, कैनेडा, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों से पैसा आता है। साल 2020 में भारत में 83 बिलियन डॉलर आए तो 2022 में ये आंकड़ा 90 बिलियन डॉलर से अधिक होने की उम्मीद है।