पटना। बिहार में दक्षता परीक्षा फेल करने वाले शिक्षक फिलहाल बच्चों को ज्ञान देते रहेंगे। इस बीच ऐसे शिक्षकों को छह माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ऐसे शिक्षकों के लिए राज्य शिक्षा, शोध एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रशिक्षण माड्यूल तैयार किया गया है।
इसमें सामान्य विषय के अतिरिक्त उर्दू एवं शारीरिक शिक्षा विषय संबंधी प्रशिक्षण सामग्री शामिल किया गया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक रवि प्रकाश ने शिक्षकों के लिए छह माह का प्रशिक्षण हेतु मास्टर ट्रेनर की सूची जिला शिक्षा अधिकारियों से देने को कहा है।
ये ट्रेनर जिला के डायट या प्राथमिक शिक्षा शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों से होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम सौ-सौ शिक्षकों का समूह बनाकर दिया जाएगा।
शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रत्येक सप्ताह के शनिवार और रविवार को कांटैक्ट क्लास के माध्यम से दिया जाएगा। शेष दिन शिक्षक अपने विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाएंगे।


