दो दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट, वज्रपात से बचने के लिए घरों में रहने की सलाह

पटना। बिहार में दो दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आंधी की गति 30 से 40 किलोमीटर रहने की संभावना है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में राजस्थान से असम तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। उसी के कारण प्रदेश के उत्तरी भाग में तेज बारिश के आसार है।

खासकर सीमावर्ती जिलों में ज्यादा बारिश होगी। आपको बता दें कि बिहार में फिलहाल हो रही बारिश प्री मानसून की है। मानसून के अभी बिहार पहुंचने के लिए दो से तीन हफ्तों का इंतजार करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में प्री मानसून का दौर है। ऐसे में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। शनिवार को राजधानी का मौसम सामान्य रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 36 तो न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान औरंगाबाद रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। औरंगाबाद, बक्‍सर जैसे कुछ जिलों को छोड़ दें तो अध‍िकतम तापमान में काफी गिरावट आई है।

येलो अलर्ट का मतलब चेतावनी देना है। मौसम में हो रहे बदलाव के प्रति लोग सावधान रहें। अगले दो दिनों तक आंधी के साथ बारिश होने के आसार काफी बढ़ गए हैं। आंधी एवं वज्रपात के दौरान लोगों को पक्के मकानों में शरण लेना चाहिए। वज्रपात के दौरान ऊंचे पेड़ों एवं बिजली के खंभों से दूर रहें। तेज बारिश के दौरान खुले में रहने से परेशानी हो सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.