मुजफ्फरपुर : स्मार्ट सिटी के कार्यो की डीएम ने समीक्षा कर एजेंसियों के प्रतिनिधियों को लगाई फटकार

मुजफ्फरपुर। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यो की डीएम प्रणव कुमार ने कार्यालय कक्षा में समीक्षा की। इस दौरान नाला निर्माण के कारण उत्पन्न समस्या विशेषकर जगह-जगह जलजमाव की स्थिति को लेकर ड्रेनेज निर्माण करने वाली एजेंसियों के प्रतिनिधियों को डीएम ने तलब किया।

वहीं डीएम ने वर्तमान कार्यो की स्थिति को लेकर डीएम गहरी नाराजगी जताई। वहीं निर्धारित समय के अंदर नाले के निर्माण को पूरा करने के लिए तीव्र गति से कार्य करना सुनिश्चित करने अन्यथा कार्रवाई करने की बात कही। डीएम ने कहा कि एक जगह कार्य पूरा करने के बाद दूसरा जगह कार्य आरंभ करें। कहीं पर काम पूर्ण है, कहीं पर गड्ढा छोड़ दिया गया है। ऐसे में आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसे लेकर उन्होंने एजेंसी के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि उक्त कार्यों का सतत अनुश्रवण करना सुनिश्चित करें। कंपनी बाग वाले इलाके में नाले निर्माण को लेकर निर्देश दिया गया कि 25 तारीख तक अधूरे कार्यो को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। यदि ऐसा नहीं होता है तो एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी साथ ही उन्हें ब्लैक लिस्ट के लिए लिखा जाएगा।

वही मोतीझील एवं उसके आसपास नाला निर्माण करने वाली एजेंसी को भी चेताया एवं निर्देश दिया कि 27 मई तक हर हाल में अधूरे कार्यो को करना सुनिश्चित किया जाए। इस तरह से कलमबाग चौक, तिलक मैदान ,स्टेशन रोड ,इमली चट्टी इत्यादि इन जगहों पर जहां कार्य अधूरे हैं उसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ मैन पावर को बढावे ताकि कार्य तेजी से हो सके। साथ ही कार्य की गुणवत्ता को हर हाल में मेंटेन करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ठ कहा कि वर्तमान स्थिति का कारण योजनाबद्ध तरीके से कार्य नहीं करना है। ऐसी स्थिति में किसी भी तरह की यदि क्षति होती है तो इसके लिए संबंधित एजेंसियों पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी के अलावे शहर के बाहरी हिस्सों में आरसीडी एवं बुडको के द्वारा भी नाला निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि शीघ्र ही आरसीडी एवं बुडको के साथ बैठक की जाएगी। स्मार्ट सिटी के सीईओ को निर्देशित किया गया कि शहर में विभिन्न एजेंसियों द्वारा किये जा रहे ड्रेनेज निर्माण के कार्य का सतत अनुश्रवण करें। इस मौके पर एजेंसियों के प्रतिनिधि, स्मार्ट सिटी के सीईओ, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम नरेश पासवान, संबंधित थानों के थाना प्रभारी एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.