दीघा थाना क्षेत्र के गंगा वैली पार्क में वीडियो बना रहे युवक मनीष कुमार पर जानलेवा हमला किया गया। चाकू से वार करने पर वह बच गया लेकिन रॉड से हमला कर आरोपितों ने उसका सिर फोड़ दिया।

उससे मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया गया। घायल के सिर में कुल 10 टांके लगे हैं। इस मामले में केस दर्ज कर दीघा थाने की पुलिस ने नामजद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दीघा थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में निराला नगर का आकाश कुमार, रामजीचक जहाजगली का रुपेश कुमार व सरकारी स्कूल गली रामजीचक दीघा का दीपक कुमार चौधरी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार की रात की है। दाउदपुर शाहपुर का मनीष कुमार दीघा में ही रहता है। सोमवार की रात करीब नौ बजे वह गंगा वैली पार्क में वीडियो बना रहा था। तभी तीनों आरोपित वहां पहुंचे और वीडियो बनाने का विरोध करते हुए मनीष से मोबाइल छीनने की कोशिश की। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने पहले चाकू से वारकर उसे घायल करने की कोशिश की।

असफल रहने पर हमलावरों ने लोहे के रॉड से हमला कर मनीष कुमार का सिर फोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। बाद में एफआईआर दर्ज कर अलग-अलग ठिकानों से तीनों हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

