मुजफ्फरपुर। कोरोना से मरने वालों को सरकार मुआवजा दे रही है। मुआवजा के लिए हर रोज तीन-चार दावेदार सिविल सर्जन कार्यालय में आ रहे हैं। सिविल सर्जन डा. उमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि इधर जो दावेदार आ रहे हैं उनकी जांच के लिए टीम गठित की गई है।
टीम में वरीय चिकित्सक हसीब असगर व सीएस कार्यालय प्रभारी डा.सीएस प्रसाद को रखा गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कुल 858 मृतकों की सूची आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी गई है। विभाग अपनी सुविधा के हिसाब से मृतक के स्वजन को मुआवजा दे रहा है।
सीएस ने बताया कि कार्यालय में हर दिन तीन से चार स्वजन मुआवजा राशि के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं, जो आवेदन आ रहे उनको जांच के बाद ही पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। कहा कि अभी तक जो आवेदन आए हैं, उनमें अपने जिले के मृतकों की संख्या कम है, जबकि दूसरे जिलों की संख्या अधिक हैं।
जो आवेदन आ रहे उनमें अधिकतर मरीजों की मौत निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हुई है। जिले में कोरोना से मरे लोगों की कुल संख्या 991 है। अब तक 196 मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये मुआवजे की राशि मिल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण के पहले दौर में 133 और दूसरे में 858 लोगों की सूची आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी है। सीएस ने बताया कि सबको सरकार की ओर से मुआवजा मिल रहा है।

