कैमूर : भभुआ के शिवसागर थाने की पुलिस ने शनिवार की रात निर्दोष के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। साथ ही महिला-पुरुषों के साथ मारपीट की। पुलिस हत्या के आरोपित को पकड़ने आई थी लेकिन दूसरे के घर में घुस गई। घटना कैमूर के सोनहन थाना क्षेत्र के कुकुराढ़ गांव में हुई। इस दौरान सोनहन थाने की पुलिस भी मौजूद थी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने भभुआ-कुदरा पथ को घंटों जाम किया।

ग्रामीणों को समझाने पहुंची सोनहन थाना पुलिस को ग्रामीणों ने पथराव कर खदेड़ दिया। इसमें दो-तीन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। जबकि, पुलिस की पिटाई से कुकुराढ़ गांव के दु:खी साह की पत्नी सरस्वती कुंवर, पुत्री पूजा कुमारी, अयोध्या साह व उनकी पत्नी तेतरा देवी घायल हैं।

सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घायलों ने बताया कि शिवसागर थाने की पुलिस सोनहन थाना के सहयोग से शनिवार की मध्य रात्रि में उनके घर की छत पर चढ़कर नीचे आ गई। विरोध करने पर तोड़फोड़ और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी।

भभुआ की एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने कहा, ‘घायल ग्रामीणों से आवेदन की मांग की गई है। ग्रामीणों के साथ मारपीट मामले की जांच का शुरू करा दी गई है। दोषी पाए जाने वाले शिवसागर थाने के पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।’

