NAWADA : नवादा में दो दिनों से गायब एक शख्स की हत्या कर दी गई. युवक का शव बुधवार को पुलिस ने खेत से बरामद किया. लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के मोहनार गांव की है. शव की पहचान मोहनार गांव के ही टुनटुन सिंह के रूप में हुई है. हत्या के बाद पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई. जैसे-जैसे गांव के लोग खेत के पास पहुंचने लगे लोगों का इस हत्या के प्रति आक्रोश बढ़ता गया.

गया से डॉग स्क्वायड का दस्ता आने के बाद मामले की छानबीन शुरू हुई. डॉग स्क्वायड के आने के महज एक घंटे बाद ही हत्या में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसमें दो महिला और एक पुरुष भी शामिल हैं. गुनाहगारों ने यह कबूला की टुनटुन सिंह की हत्या कर लाश को खेत में फेंक दिया गया था. दूसरी तरफ परिजनों ने बताया कि टुनटुन 31 दिसंबर 2018 की रात से ही गायब थे. परिजन लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे.

इस दौरान जब गांव के लोग खेत के समीप पहुंचे तो लाश पाई गयी. गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पुलिस किसी भी तरह आरोपियों को लेकर थाने के लिए निकली. फिलहाल अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. मृतक पेशे से किसान थे.
