शहर के इन स्थानों पर मंगलवार शाम से नहीं जाए तो अच्छा, 72 घंटे के लिए लगाई गई है यातायात पर रोक, विस्तार से जानें….

मुजफ्फरपुर। कल्याणी चौक पर पुलिया निर्माण को लेकर यातायात पर रोक लगाई गई है। पुलिया निर्माण के कारण कल्याणी चौक से मोतीझील की ओर एवं कल्याणी से हरिसभा चौक की ओर यातायात पूर्ण रूप से मंगलवार की शाम से 72 घंटे के लिए प्रतिबंधित रहेगा।

नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लीली कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड पटना को हरिसभा चौक से कल्याणी चौक होते हुए आदर्श नगर थाना तक सड़क एवं नाला निर्माण की जवाबदेही दी गई है।

कंपनी की ओर से नाला निर्माण के क्रम में कल्याणी चौक पर एक पुलिया निर्माण किया जाना है। परियोजना को सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए आहूत बैठक में ठेकेदार द्वारा कल्याणी चौक के यातायात को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव दिया गया है।

इसके आधार पर मंगलवार संध्या से कल्याणी चौक से मोतीझील की ओर एवं कल्याणी से हरिसभा चौक की ओर यातायात पूर्ण रूप से 72 घंटे के लिए प्रतिबंधित रहेगा। एजेंसी को कहा गया है कि वह यातायात की सुविधा को देखते हुए चौक पर लोहे की बैरिकेटिंग लगाकर ही कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करेंगे। तय समय सीमा के अंदर काम को पूरा किया जाएगा। अगर समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो सख्ती होगी।

 

बता दें कि सोमवार को शहर चौतरफा ट्रैफिक जाम की चपेट में रहा। भीषण ट्रैफिक जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। इसके कारण शहरवासी काफी परेशान रहे। शहर के साथ हाईवे पर भी ट्रैफिक जाम के कारण वाहनों की कतार लगी रही। जाम की सूचना पर यातायात डीएसपी रविंद्र नाथ सिंह कई जगहों पर पहुंचकर आवागमन सुचारू कराया। बता दें कि प्रत्येक सोमवार को शहर में जाम की भीषण समस्या बनती है। बावजूद यातायात थाने की ओर से रणनीति नहीं तैयार की जाती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading