नालंदा में शिक्षक का छात्रों से पंखा झलवाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो राजगीर प्रखंड के गोवडीहा गांव के प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा। वीडियो में दिख रहा है कि दो शिक्षक कुर्सी पर बैठे हैं। कुछ बच्चे उनके सामने खड़े हैं।

वहीं, दो बच्चे हाथ में पंखा लेकर उन्हें हवा करते दिख रहे हैं। वीडियो बनाने वाला एचएम से पूछता है कि स्कूल में बच्चे पढ़ने आते हैं या पंखा हिलाने। इस पर एचएम बगले झांकने लगते हैं। वीडियो बनाने वाला यह भी कहता है कि उसे सूचना मिली है कि बच्चों से पैर भी दबाया जाता है।

इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी केशव प्रसाद ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी मिली है। जिसके बाद उन्होंने वहां के प्रिंसिपल और शिक्षक से जानकारी ली।

जिसमें उन्हें बताया गया कि वह बच्चों को होमवर्क दे रहे थे। तभी कुछ छात्र पंखा झलवाते दिखे। जिसका एक ग्रामीण ने वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया।

