पटना। पटना में मकान का नक्शा बनवाना है तो पोर्टल पर आनलाइन आवेदन दें। नगर निगम का पोर्टल काम करने लगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के मार्गदर्शन मिलने के बाद नगर निगम ने पोर्टल को खोल दिया है। विभाग ने इसके लिए 26 मई को ही अनुमति दे दी थी।
नगर आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर ने बताया कि फरवरी में नई नियमावली बनी थी। निगम नई नियमावली के अनुसार 10 अप्रैल के पहले पोर्टल बना लिया गया था। विभाग से मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण पोर्टल को चालू नहीं किया गया था।
उन्होंने बताया कि 31 मार्च के पहले आए सभी आवेदन का निष्पादन कर दिया गया था। करीब 200 आवेदन लंबित रह गए थे। अब सभी आवेदनों का निष्पादन कर दिया जाएगा। भवन के नक्शा बनाने में अब कोई बाधाएं नहीं हैं। प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन के बाद स्थल जांच करना पड़ता है। नक्शा की स्वीकृति जांचोपरांत की जाएगी। सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बता दें कि नए नियम के अनुसार, नगर विकास एवं आवास विभाग में वास्तुविद को निबंधन कराना था। इस कारण नक्शा बनाने का कार्य रुक गया था। विभाग के मार्गदर्शन के बाद पुन: शुरू कर दिया गया है। शहर में मकान बनाने वाले परेशान थे। पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे थे। एक अप्रैल से निगम में आवेदन नहीं दे पा रहे थे।

