सवा पांच करोड़ ज्‍वेलरी में लगा था GPS, लुटेरों ने उ’खाड़कर फेंक दिया; फ्लाईओवर के नीचे मिला ट्रैकर

पटना की अनीसाबाद पुलिस कॉलोनी के पास इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस कंपनी (आईआईएफएल) से 5.37 करोड़ रुपये के जेवर लूट मामले में आखिरी सुराग को अपराधियों ने खत्म कर दिया। दरअसल, जो जेवर अपराधी लूट कर ले गये थे, उनमें जीपीएस ट्रैकर लगा था। लेकिन लुटेरों ने खगौल पहुंचते ही जीपीएस ट्रैकर को फेंक दिया।

वारदात के बाद जब पुलिस को जीपीएस ट्रैकर के जरिये उसका लोकेशन खगौल मिला तो वहां सर्च अभियान शुरू किया गया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन जेवरात नहीं मिले। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने खगौल फ्लाईओवर के नीचे से जीपीएस ट्रैकर को बरामद किया है।

प्रोफेशनल गैंग या घर का भेदी? छानबीन जारी
अपराधियों को पता था कि लूटे गये जेवर में ट्रैकर लगा है। इस कारण खगौल पहुंचते ही लुटेरों ने ट्रैकर को फेंक दिया। आमतौर पर बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों का ध्यान इस ओर नही जाता कि जेवरात में ट्रैकर है या नहीं। जेवरात में ट्रैकर लगने की बात भी काफी कम सुनने को मिलती है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सोना लूटने वाला गैंग प्रोफेशनल था, जिसे पहले से गहनों में ट्रैकर लगे होने की जानकारी थी। या, घर के भेदी ने ही लुटेरों के लिये लाइनर का काम किया और उन्हें ट्रैकर लगे होने की जानकारी दी।

तीन जून को लूटा था सोना
बीते 3 जून को अपराधियों ने शाम के वक्त गर्दनीबाग थानांतर्गत पुलिस कॉलोनी के पास भागवत कॉम्प्लेक्स के दूसरे तल्ले पर स्थित आईआईएफएल के दफ्तर से जेवरात लूट लिये थे। इस घटना की प्राथमिकी गर्दनीबाग थाने में दर्ज की गयी है। एफआईआर में कंपनी के दफ्तर से 9 किलो 759 ग्राम सोना, 9 लाख 84 हजार 79 रुपये, आईआईएफएल के कर्मियों का 5 हजार रुपया और लोन लेने आए तीन ग्राहकों का 28 ग्राम सोना लूटे जाने का जिक्र किया गया है। फाइनेंस दफ्तर से लूटे गए सोना की कीमत करीब 5.37 करोड़ रुपये बताई गयी। जबकि ग्राहकों से लूटे गए सोना की कीमत 16 लाख आंकी गई है। गार्ड व पुलिस ने करीब 8 किलो सोना लूटे जाने की बात कही थी।

महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड के अपराधी धराये
गर्दनीबाग के महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई लूट मामले में शामिल सभी अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों की बाइक और कुछ लूटे गये जेवरात को भी बरामद कर लिया गया। पुलिस मंगलवार को इस मामले का खुलासा कर सकती है। सोमवार की शाम पुलिस अधिकारियों ने सभी लुटेरों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीरों के आधार पर अपराधियों की पहचान की गयी। गौरतलब है कि बीते तीन जून को अपराधियों ने गर्दनीबाग थाना इलाके मेें स्थित पुलिस कॉलोनी के सामने स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट की थी। अपराधी वहां से डेढ़ लाख रुपये के गहने लूटकर ले गये थे।

200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये
पुलिस टीम ने दो सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। यह तय है कि अपराधी खगौल तक पहुंचे थे जहां उन्होंने ट्रैकर को फेंका। अब पुलिस इस इलाके से आगे लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि लुटेरे किस ओर भागे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading