जनता दल यूनाइटेड ने एमएलसी चुनाव के लिए मंगलवार को अपने 2 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। जैसी कि उम्मीद जताई जा रही थी पार्टी ने अहमद खान और रविन्द्र सिंह के नाम पर मुहर लगाई है।

इसके साथ ही यह भी लगने लगा है कि एमएलसी चुनाव को लेकर बीजेपी से उसकी सहमति बन गई है और अब शायद राजद के तीन उम्मीदवारों सहित सातों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है।

इस सम्भावना पर कई दिनों से कयास लग रहे थे कि बीजेपी और जेडीयू मिलकर चार उम्मीदवार उतार सकती हैं। राजद ने अपने तीन उम्मीदवार उतारे हैं। तीनों सोमवार को ही अपना नामांकन कर चुके हैं।

यदि बीजेपी-जेडीयू कुल चार उम्मीदवार उतारती हैं तो सातों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे। इस बीच मंगलवार दोपहर जेडीयू से खबर आई कि पार्टी ने अहमद खान और रविन्द्र सिंह के नाम का ऐलान कर दिया है। दोनों कल अपना नामांकन करेंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 9 जून है।

छह सीटें हो रही हैं खाली
बता दें कि बिहार विधानपरिषद की कुल छह सीटें अगले महीने खाली हो रही हैं। जिन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के अलावा कमर आलम, अर्जुन सहनी, रणविजय सिंह, गुलाम रसूल बलियावी, रोजिना नाजिश और सीपी सिन्हा शामिल हैं।
