कटिहारः कलेक्टर साहब बन गए विद्यार्थी, टीचर ने लगा दी क्लास; जमीन पर बैठ लिया मिड डे मिल का स्वाद

बिहार के कटिहार जिले के जिलाधिकारी उदयन मिश्रा की कार्यशैली इन दिनों चर्चा में है। कलेक्टर साहब जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की मुहिम के तहत कभी विद्यार्थी बन जाते हैं तो, कभी जमीन पर बैठकर मध्यान भोजन का स्वाद लेते हैं।

इतना ही नहीं एक स्कूल में डीएम साहब चुपके से क्लास में घुस गए तो बच्चों को पढ़ा रहे हैं मास्टर साहब ने उनकी क्लास भी लगा दी।

दरअसल सरकार ने आदेश दिया है कि जिलों में पदाधिकारी सरकारी विद्यालयों में औचक निरीक्षण कर वहां पढ़ाई लिखाई को दुरुस्त करने के लिए काम करें।  कटिहार के जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने इसे गंभीरता से  लिया है। वे  अक्सर सरकारी स्कूलों में बगैर बताए चले जाते हैं और हालात का जायजा लेकर सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हैं।

इसी क्रम में पिछले दिनों जिलाधिकारी उदयन मिश्रा जिले के अयोध्या प्रसाद विद्यालय में पहुंच गए। कलेक्टर साहब स्कूल के स्मार्ट क्लास में पीछे के दरवाजे से दाखिल हो गए और बच्चों के साथ पिछली सीट पर बैठ गए। स्मार्ट क्लास में स्कूल के शिक्षक नीतीश राम बच्चों को फिजिक्स पढ़ा रहे थे। पढ़ाते पढ़ाते मास्टर साहब ने पाया कि पीछे एक अनजान व्यक्ति बैठा हुआ है। इस पर मास्टर साहब पीछे गए और कलेक्टर साहब से सीधे पूछा- हु आर यू?

शिक्षक नीतीश राम के सवाल पर कलेक्टर साहब बिल्कुल विचलित नहीं हुए और उन्होंने अपना परिचय दिया तो पूरा स्कूल आश्चर्य में पड़ गया।  हालांकि, शिक्षक नीतीश के सवाल को कलेक्टर साहब ने बिल्कुल हल्के से लिया और उनके पढ़ाने के तरीके की तारीफ भी की।

उसके बाद डीएम साहब उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय रौतारा पहुंचे  वहां भी उन्होंने पठन-पाठन और मध्यान भोजन का जायजा लिया औचक निरीक्षण के दौरान डीएम साहब ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड डे मील का खाना खाया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.