बिहार में बारिश के बाद भी राजस्थान की तरह गर्मी पड़ रही है। राज्य का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पार हो गया है। आने वाले 48 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार हो सकता है। प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो 15 जून से पहले गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। आइए जानते हैं कहां पड़ रही प्रचंड गर्मी और कहां बारिश बन रही आफत।

उत्तर बिहार में बारिश दक्षिण में गर्मी
राज्य का दक्षिण बिहार गर्मी से तप रहा है। पटना सहित राज्य के 23 जिलों में प्रचंड गर्मी है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार है। गया में तापमान 42.3 डिग्री है। शेखपुरा में भी पारा 40 डिग्री है। बक्सर में पारा 42.8 डिग्री रहा है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 44.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं नवादा में 42.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सीवान का भी पारा 40 डिग्री पाया गया है। पटना में पारा 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। पटना के साथ आस पास के जिला गर्मी से तप रहा है।

इसलिए दो तरह का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा पूर्वी मध्य उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र से उत्तरी बंगला देश तक बिहार उपहिमालयी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इस कारण से बिहार में कुछ जिलों में बारिश को लेकर पूर्वानुमान है। मौसम के इस प्रभाव से राज्य में बारिश के साथ ही गर्मी का प्रभाव भी बना रहेगा।

15 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य में 24 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट किया गया है। इस दौरान तापमान में कोई कमी नहीं होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 घंटे के दौरान राज्य के के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में गरज व बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग ने बुधवार को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया में भारी बारिश का अलर्ट किया है।
