मुजफ्फरपुर। जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में अधिकारियों ने सात निश्चय योजना के अंतर्गत नल-जल योजना, मनरेगा, विभिन्न विद्यालयों, आंगनबाड़ी, पीडीएस दुकान, आदि की जांच की। जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने पर जहां कार्रवाई की बात कही गई, वहीं अधिकारियों ने लचर व्यवस्था को पटरी परलाने के लिए कई निर्देश दिए।
साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत रूप छपरा ,अहियापुर तथा राजेपुर में विभिन्न सरकारी योजनाओ की अधिकारियों ने जांच की। राजेपुर पंचायत में वरीय उप समाहर्ता सारंग पानी पाण्डेय ने योजनाओ की जांच की, जबकि अहियापुर पंचायत में अंचलाधिकारी संतोष कुमार सुमन ने स्कूल, पैक्स, पीडीएस सहित नल-जल योजनाओं की जांच की। रूप छपरा पंचायत में पीसीसी सड़क, पोखर तथा नाला निर्माण की जांच हुई। इसमें वार्ड 13 की 18 नल-जल योजनाओं में 16 को संचालित पाया गया। वहीं बिजली स्टार्टर तथा पंप जलने से वार्ड नं दो और नौ में जलापूर्ति बंद पाई गई। आंगनबाड़ी केंद्र सं 57 में शौचालय की स्थिति खराब थी तथा 54 को भवनहीन पाया गया। स्वास्थ्य उप केंद्र जर्जर पाया गया। ।
हथौड़ी : अंचल अधिकारी बोचहां वीरेंद्र्र प्रसाद वर्मा ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र्र के निरीक्षण के दौरान किसी भी कर्मचारी के उपस्थित नहीं रहने के कारण नाराजगी जाहिर की। चिकित्सा प्रभारी से बात कर अस्पताल में फैली गंदगी से अवगत कराया। अंचल अधिकारी ने कहा कि जनवितरण प्रणाली की तीन दुकानें बंद थीं। कई वार्ड में नल-जल बंद रहने पर पंचायत सचिव को जल्द समस्या दूर करने का आदेश दिया।
कांटी : बीडीओ विजय कुमार ठाकुर ने हरचंदा पंचायत वार्ड एक में किसी भी घर मे नल से जल का कनेक्शन नहीं मिलने पर संवेदक को जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। वार्ड तीन में गली नाली का कार्य का निरीक्षण किया। नलजल योजना में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच की। यहां संवेदक ने जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का आश्वसन दिया। अपर समाहर्ता अजय कुमार ने सेरुकाहिं, पैगम्बरपुर में उपसमाहर्ता मनीषा कुमारी,लसगरिपुर में डीटीओ सुशील कुमार ने विभिन्न योजनाओं की जांच की।
मोतीपुर : अंचलाधिकारी अरविंद कुमार अजित ने प्रखंड के बरियारपुर दक्षणी पंचायत में विभिन्न योजनाओं और जनवितरण प्रणाली के दुकानों की जांच की। इस दौरान कोदरकटा गाँव में हरेन्द्र भगत और दरिया छपरा में उमाशंकर दुबे की जनवितरण प्रणाली के दुकान का भौतिक सत्यापन किया। उपभोक्ताओं ने बताया कि मूल्य से अधिक राशि ली जाती हैं। वजन कम दिया जाता हैं। वही चौदहों वार्डो में महीनों से विभिन्न कारणों से लोगो को शुद्धपेय जल से वंचित हो रहे है। उधर बरियारपुर पूर्वी पंचायत के मध्य विद्यालय अंजनाकोट में जांच करने पहुँची एडीएम पूजा प्रीतम विद्यालय की दयनीय दशा देख कर भौचक रह गई। वही शाम साढ़े चार बजे तक जिलाधिकारी के नही पहुँचने पर नरियार पंचायत भवन पर जूटे फरियादी लौट गए। पारू : आनंदपुर खरौनी पंचायत में पश्चिमी अनुमंडलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने निरीक्षण किया।उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान बीईओ, सहकारिता पदाधिकारी, पीओ , आवास योजना के लेखापाल, राजस्व कर्मचारी, पंचायत शाखा के लेखापाल अनुपस्थिति थे। अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछते हुए एक दिन का वेतन काटने के लिए जिलाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है । वही बीडीओ ओम राजपूत ने वहदीनपुर पंचायत में निरीक्षण किया । जहां 15 वार्डो में से दो वार्ड में नलजल योजना बन्द पाया। मीनापुर : जिला भू अर्जन पदाधिकारी मो उमैर ने महदेया पंचायत में विभिन्न योजनाओं की हकीकत जानी। बी डी ओ भुवनेश मिश्रा ने घोसौत पंचायत में जांच की। वहा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 66 बंद मिला। झोझा मध्य विद्यालय में मीनू के अनुसार मध्यान भोजन नहीं बना था। नल जल योजना में भी गड़बड़ी पाई गई। वही अंचल अधिकारी रामजपि पासवान ने गोरीगमा पंचायत में जांच की इन्हे वार्ड छह में नल जल योजना में गड़बड़ी मिली।
