मुजफ्फरपुर। भाजपा की 14 जून को प्रस्तावित गरीब कल्याण रैली व अन्य विषयों को लेकर जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष रंजन कुमार की अध्यक्षता में मिठनपुरा स्थित एक होटल के सभागार में हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आशा और विश्वास के साथ मुजफ्फरपुर जिला को बड़ी जनसभा और रैली की जवाबदेही केंद्रीय नेतृत्व ने दी है। भाजपा के कार्यकर्ता इसे ऐतिहासिक बनाने का काम करेंगे। जनता के सहयोग एवं कार्यकर्ताओं के उत्साह के सामने एमआइटी का मैदान छोटा पड़ जाएगा।

मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष राधा मोहन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर्व पूरी तन्मयता के साथ मना रही है।
रैली के संयोजक एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने कहा कि बिना किसी के सहयोग, समर्थन और समर्पण से बड़े लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। मुजफ्फरपुर पहले भी सभी कार्य में अव्वल रहा है।

सांसद अजय निषाद ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थियों में भी अनुकूल परिणाम दिया है। पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के गत आठ वर्षों के काम को लेकर कार्यकर्ता घर-घर निमंत्रण देने जाएंगे। इससे रैली में 50 हजार लोगों की शिरकत होगी। प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी एवं जिला प्रभारी रमेश श्रीवास्तव ने संगठनात्मक शेष कार्य को यथाशीघ्र पूरा करने पर बल दिया। इससे पहले बैठक की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुआ। बैठक को वरिष्ठ भाजपा नेता रवींद्र प्रसाद ङ्क्षसह, अर्जुन राम, रामकुमार झा, शंभू प्रसाद, अशोक सहनी,विवेक कुमार ने भी संबोधित किया।

संचालन जिला महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी सचिन कुमार ने एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री सुरेश चौधरी भोला ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार, हरिमोहन चौधरी, चंदा देवी, डा. ऋतुराज, निर्मला साहू, सुनीता सहनी, ब्रज बिहारी पासवान, अंजना कुशवाहा, धर्मेंद्र साहू, प्रवक्ता आलोक राजा, जिला मीडिया प्रभारी सम्राट कुमार, धनंजय झा,नचिकेता पांडे आदि की उपस्थिति रही।
