सीएम नीतीश कुमार के समक्ष अपनी पढ़ाई की बात रख सुर्खियों में आया सोनू आईएएस बनने का सपना लिए राजस्थान के कोटा पहुंच गया है। 12 जून को सोनू के चाचा ने उसका एडमिशन एलेन एकेडमी में कराया गया। संस्थान के डायरेक्टर बृजेश माहेश्वरी ने सोनू के पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का जिम्मा लिया है।

सोनू के चाचा रंजीत कुमार ने बताया कि सोनू का दाखिला एलेन अकादमी में बीते 12 जून को 6ठी क्लास में हो गया है। अब वह अपना सपना पूरा कर सकेगा। संस्थान के डायरेक्टर ने सोनू की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की बात कही है और उनसे किसी भी काम के लिए पैसे नहीं लिए गए हैं।

तेजप्रताप से लेकर सोनू सूद तक ने दिया था ऑफर
मुख्यमंत्री से अपनी पढ़ाई की बात कर हरनौत प्रखंड के नीमाकॉल का सोनू मीडिया की सुर्खियों में ऐसा छाया कि हर तरफ वही दिखाई-सुनाई देने लगा। उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए नेता से लेकर अभिनेता तक आगे आए।

जिसमें लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप से लेकर अभिनेता सोनू सूद भी शामिल हैं। सोनू से मिलने आए कई लोगों ने पढ़ाई का जिम्मा उठाया लेकिन सोनू ने सभी के बातों को नजरअंदाज कर दिया। बीते 12 जून को परिवार के साथ राजस्थान पहुंच कोटा के एलेन एकेडमी में दाखिला ले लिया।

सोनू ने जारी किया वीडियो
सोनू ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि जो लोग उसके खिलाफ बोलते थे, उनकी बोलती बंद हो गई है। अब वो बोलेंगे कि सोनू का एडमिशन हो गया, उनके चाचा ने करवा दिया। पहले बोलते थे कि उसके चाचा सोनू की बदौलत एमपी, एमएलए बनेंगे, उसके सहारे आगे बढ़ेंगे।

एडमिशन को लेकर उसने खुशी जताते हुए कहा कि अब वो कड़ी मेहनत कर अपना मुकाम हासिल करेगा। कहा कि कुछ मीडिया वालों ने उसे नीचा दिखाने का भी प्रयास किया। लेकिन वो उससे निराश नहीं हुआ। जो आरोप उसके चाचा पर लग रहे थे, वो निराधार है। अब वो अपनी पढ़ाई पर फोकस करेगा।
