मोतिहारी में एक महिला और दो नाबालिगों को बांधकर बेरहमी से पीटा गया। पिटाई का वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला (35 साल) और दोनों लड़कियों को मचान से बांध कर दो युवक बुरी तरह से पीट रहे हैं। एक युवक के दोनों हाथ में डंडा है, जिससे वो लगातार मार रहा है। वहीं दूसरा युवक भी बार-बार पिटाई कर रहा है।

घटना सुगौली थाना क्षेत्र के डुमरी वार्ड नंबर तीन की है। मामले को लेकर बताया जा रहा कि दो लड़कियों में से एक (17 साल की नाबालिग) का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसलिए वो घर से भाग गई थी। उसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की।

वहीं, दूसरी लड़की (16 साल) और पीड़ित महिला पर लड़की को घर से भगाने का आरोप लगाया गया। जिसके बाद उन दोनों की भी जमकर पिटाई की गई। इधर, मामले की सूचना पुलिस को मिलते ही पिटाई करनेवाले वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सुगौली PHC में भर्ती कराया। फिलहाल इस मामले में एक आरोपी महिला और युवक की गिरफ्तारी हुई है।

भीड़ पिटाई का तमाशा देखती रही
पीड़ित किशोरी (लाल सूट में) गांव के एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग में आकर फरार हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद गांव वालों ने उसे पकड़ा। वहीं दूसरी किशोरी (काले सूट में) और पीड़ित महिला पर लड़की को भगाने का आरोप लगा है। ये सभी एक ही गांव की हैं और आसपास ही रहती हैं।

ग्रामीणों ने सभी को बंधक बनाया लिया। इसके बाद दो युवकों ने मिलकर तीनों की जमकर पिटाई की। इस दौरान गांव से सभी लोग मूकदर्शक बने रहे। अंत में एक महिला ने आकर उन युवकों को रोका। पिटाई का वीडियो मंगलवार से सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है।

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
इधर, मामले को लेकर सुगौली थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि जैसे ही हमें जानकारी मिली वैसे ही हम घटना स्थल पर पहुंच गए, लेकिन उन्हें हमारे आने की सूचना पहले ही मिल गई थी और सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

इसके बाद हमने घायल महिला और लड़कियों को सुगौली PHC में भर्ती कराया गया। जहां महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए एक महिला और एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।