बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह अपने एक बयान को लेकर काफी समय से चर्चा में बने हुए हैं। शाह ने हाल ही में भीड़ द्वारा की गई हिंसा का परोक्ष हवाला देते हुए कहा था कि एक गाय की मौत को एक पुलिस अधिकारी की हत्या से ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। इसके बाद उन्होंने कहा- ‘मेरे बच्चे खुद को क्या बताएंगे क्योंकि उन्हें तो धर्म की तालीम ही नहीं दी। मुझे इस माहौल से डर नहीं लगता बल्कि गुस्सा आता है। अब एमनेस्टी इंडिया की तरफ से जारी एक वीडियो में बाद नया विवाद खड़ा होता दिखाई दे रहा है। वीडियो में नसीरुद्दीन शाह दावा कर रहे हैं कि भारत में धर्म के नाम पर नफरत की दीवार खड़ी की जा रही है और इस ‘‘अन्याय’’ के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को सजा दी जा रही है। इस पर एक्टर इमरान हाशमी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

इन दिनों इमरान अपनी अपकमिंग फिल्म चीट इंडिया के प्रमोशन में बिजी हैं। इस बीच मीडिया से बातचीत में इमरान हाशमी ने कहा, ‘अभी मैं जो महसूस कर रहा हूं वह कह रहा हूं। मेरा मानना है कि हमारे देश में हर किसी को अपने विचार रखने की आजादी है। मुझे जारी विवाद के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए मैं इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकता। बता दें 2.13 मिनट के एकजुटता वीडियो में शाह ने कहा है कि जिन लोगों ने मानवाधिकारों की मांग की उन्हें जेल में डाला जा रहा है। हमारा देश कहां जा रहा है? क्या हमने ऐसे देश का सपना देखा था जहां असंतोष की कोई जगह नहीं है, जहां केवल अमीर और शक्तिशाली लोगों को ही सुना जाता है और जहां गरीबों तथा सबसे कमजोर लोगों को दबाया जाता है? जहां कभी कानून था लेकिन अब बस अंधकार है।

शाह के बयान पर वैसे तो बहुत सी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। बॉलीवुड से फिलहाल अभी इमरान हाशमी की प्रतिक्रिया ही सामने आई है और वो भी इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बचते दिखे है। बात करें इमरान हाशमी फिल्म चीट इंडिया की तो ये फिल्म 18 जनवरी को रिलीज हो रही है। फिल्म में इमरान इस फिल्म में राकेश सिंह का किरदार कर रहे हैं, जो पैसे लेकर परीक्षाओं में अमीर स्टूडेंट्स को पास कराने के लिए उनकी जगह होशियार स्टूडेंट्स को एग्जाम देने भेजता है।