दरभंगा : बहेड़ी प्रखंड क्षेत्र व बिरौल थाना क्षेत्र के कुमरगंज गांव में शुक्रवार को घर के पास स्थित तालाब में डूबने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गयी। मृतका की पहचान अनिल मुखिया की पुत्री अनिशा कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि बच्ची जब काफी देर तक घर के लोगों को नहीं मिली तो आस-पड़ोस व पूरे गांव में उनकी खोजबीन की जाने लगी। इसके बाद भी नहीं मिलने पर आशंका के आधार पर घर के बगल में स्थित पोखर में आस-पड़ोस के लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में बच्ची की लाश को पोखर से खोज निकाला गया।

मृतका की मां भगवतिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। मौके पर पहुंचे सीओ अवधेश प्रसाद ने पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।


साथ ही बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आपदा प्रबंधन कोष से मृतका के परिजन को चार लाख का चेक प्रदान किया जाएगा।

