खगड़िया में पड़ोसी की बेटी की शादी में पूर्व मुखिया के पति ने जमकर फायरिंग की और डांसर के साथ ठुमके लगाए। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वो फायरिंग करते दिख रहा है। ‘शमियाना के 6 राउंड चली…भाग जाई बाहुबली’ भोजपुरी गीत पर जैसे ही वो गोली चलाता है। शामियाने में छेद हो जाता है।

मामला अलौली थाना के बहादुरपुर पिकेट थाना इलाके का है। गोली चलाने वाले पूर्व मुखिया के पति का नाम दिनेश यादव है। वीडियो 5 जून का बताया जा रहा है। जो अब सामने आया है।

फायरिंग के दौरान स्टेज पर डांसर बंदूक की आवाज से कान बंद कर डरी सहमी नजर आ रही है। एक बच्चा वीडियो शूट करते दिख रहा है। फायरिंग में किसी की जान माल का नुकसान नहीं हुआ।

इससे पहले भी छिलकौड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया बुधनी देवी के पति दिनेश यादव का शराब पीते हुए वीडियो सामने आया था। उस समय वह पंचायत के वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि थे, लेकिन मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। मुखिया पति किसी ना किसी वजह से जिले में सुर्खियाें में रहते हैं।

बहादुरपुर पिकेट प्रभारी रोबिन दास ने बताया कि पूर्व मुखिया पति का फायरिंग करते हुए वीडियो मिला है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

