सीईटी-बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन के लिए तैयारी पूरी, 6 जुलाई को 41 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा

मुजफ्फरपुर : सीईटी-बीएड-2022 संयुक्त प्रवेश परीक्षा के सफलतापूर्वक संचालक के लिए समाहरणालय सभाकक्ष में परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान 6 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक 41 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। बिहार विश्वविद्यालय के लिए नामित नोडल पदाधिकारी अनीता शर्मा भी उपस्थित थी। साथ ही नोडल विश्वविद्यालय एलएन मिश्रा विश्वविद्यालय के अधिकारीगण भी बैठक में उपस्थित थे। सहायक परीक्षा संयोजक-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी,केंद्र अधीक्षक एवं पुलिस अधिकारी उक्त परीक्षा के सफलतापूर्वक संचालन एवं कदाचार मुक्त परीक्षा के आयोजन के मद्देनजर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता के साथ करना सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी तरह की कोताही और लापरवाही पर संबंधित पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। सभी केन्द्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के कोविड-19 से संबंधित दिशा निर्देशों (एसओपी)का पालन करना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में पूर्वाहन 9:00 बजे से प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट पूर्व पूर्वाहन 10:50 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। परीक्षार्थियों के पास किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री ,सादा कागज, क्लिपबोर्ड ,स्लाइड रूल केलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं होंगे। परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान यदि किसी प्रकार का कदाचार करता है या करने का प्रयास करता है तो उसकी पात्रता रद्द कर दी जाएगी तथा बिहार राज्य परीक्षा अधिनियम 1981 के तहत कार्रवाई की जाएगी। कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन हेतु 72 दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जबकि 15 जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।परीक्षा के अवसर पर विशेष एवं अवांछनीय परिस्थिति से निपटने हेतु 06 जुलाई को पूर्वाहन 7:00 बजे से स्थानीय पीआईआर में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा इसका दूरभाष नंबर 0621- 2212 377 एवं 2216275 है।

वहीं नोडल यूनिवर्सिटी ललित नारायण मिथि२ला यूनिवर्सिटी दरभंगा के मुख्यालय में 04-07-22 से 07-07-22 तक नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष संख्या 7004521068 एवं 94310 41694/96 है। राजेश कुमार अपर जिला दंडाधिकारी तथा बैजनाथ सिंह पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पूरी परीक्षा के दौरान विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे तथा अनुश्रवण एवम समन्वय करते हुए परीक्षा का सफल संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे।

जिला नजारत उप समाहर्ता ,जिला शिक्षा अधिकारी ,सिविल सर्जन ,नगर क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों ,पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक (प्रारक्ष), जिला परिवहन पदाधिकारी, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को अपने अपने दायित्वों का गंभीरता पूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading