यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर:पटना से उत्तर प्रदेश और झारखंड के लिए चलेंगी सीएनजी बसें, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

पटना। वायु प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए अब प्राइवेट बस मालिक आगे आ रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ यूपी और झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए पटना स्थित बैरिया बस टर्मिनल से सीएनजी बसों का परिचालन किया जाएगा। प्राइवेट बस का संचालन करने वालों ने अब सीएनजी बस परिचालन करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। सीएनजी बस बनाने वाली कंपनी से बस संचालकों के बीच बातचीत चल रही है।

कंपनी से 45 से लेकर 56 सीटर बस के लिए कोटेशन मांगे गए हैं। बैरिया बस टर्मिनल से प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए प्राइवेट बस मालिक राज्य में एक साथ 100 से अधिक सीएनजी बस उतारने के लिए प्लानिंग कर रहे हैं।

पहले फेज में 30 से अधिक बस मंगाने की तैयारी है। पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया, सासाराम सहित विभिन्न जिलों से यूपी और झारखंड के लिए बस चलाने की योजना है।

पटना से यूपी और झारखंड के लिए शुरुआत में 15 सीएनजी बस का परिचालन होगा। पटना से सासाराम, बिहार शरीफ, पूर्णिया, बेगुसराय, मुजफ्फरपुर, गया, जहानाबाद सहित 20 जिलों, यूपी के वाराणसी, लखनऊ, नोएडा सहित 10 जिलों के लिए बसें चलेंगी। वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, देवघर, दुमका सहित 5 जिलों के लिए बस संचालन किया जाएगा।

बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह के मुताबिक प्रदेश बस मालिक सीएनजी बस परिचालन करने के लिए आगे आ रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.