मोबाइल की लाइट में नसबंदी! स्वास्थ्य केंद्र में झोलाछाप ने लगाए टांके तो फोटो हुई वायरल

हाजीपुर :  वैशाली जिला के महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मोबाइल की लाइट जलाकर ऑपरेशन करने का फोटो तेजी से वायरल हो रहा है।  सोशल मीडिया पर वायरल इस फोटो के बारे में दावा किया जा रहा है कि यह फोटो 6 जून का है। तस्वीर में महनार की ही एक महिला सोनी कुमारी के परिवार नियोजन का ऑपरेशन के बाद उसे स्टिच लगाए जा रहे हैं।

महनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी डॉक्टर की मौजूदगी में मोबाइल की रोशनी में सर्जरी करता बाहरी व्यक्ति.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई इस सर्जरी के दौरान यहां पदस्थापित डॉक्टर शालिनी भी खड़ी दिखाई पड़ रही हैं। इसके साथ ही दोनों ओर से मोबाइल की लाइट जला कर दो लोग उजाला कर रहे हैं और एक झोलाछाप डॉक्टर महिला के पेट में टांका लगा रहा है।

इस डॉक्टर का नाम मंजीत कुमार बताया गया है। इस बारे में महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉक्टर सीताराम सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर शालिनी से स्पष्टीकरण मांगा है।

अब बाहरी व्यक्ति के इलाज करने पर रोक

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. सीताराम सिंह ने एक आदेश जारी किया है कि अब से किसी भी परिस्थिति में बाहरी व्यक्ति से अस्पताल में कोई मदद नहीं ली जाएगी। हालांकि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का बयान ही इस बात की पुष्टी करता है कि जिले के सरकारी अस्पताल झोलाछाप चिकित्सको की मेहरबानी पर चल रहा है।

ऐसे में सवाल उठता है कि फिर सरकार पीएचसी और अन्य दूसरे अस्पतालों में पदस्थ चिकित्सकों को बैठाकर वेतन दे रही है या फिर ऐसे चिकित्सको को बहाल कर लिया गया है जिन्हें ऑपरेशन तो दूर सामान्य चिकित्सकीय ज्ञान की जानकारी भी नहीं है। इस बारे में डॉ. शालिनी का कोई बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.